FIH अवॉर्ड्स:भारतीय पुरुष और महिला टीम का जलवा बेस्ट प्लेयर्स सहित सभी 8 कैटेगरी के अवॉर्ड भारत को

टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने भी अपने अवॉर्ड्स से नवाजा है। पुरुष टीम के ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह और महिला टीम की गुरजीत कौर को बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया है। खास बात यह है कि FIH के इस साल के घोषित आठों कैटेगरी के अवॉर्ड भारत के खाते में गए हैं।
पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश और महिला टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब दिया गया है। पुरुष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड और महिला टीम की हेड कोच शोर्ड मारिन को बेस्ट कोच घोषित किया गया है। इमर्जिंग प्लेयर यानी उभरते खिलाड़ी के दोनों अवॉर्ड भी भारतीय खिलाड़ियों शर्मिला देवी और विवेक प्रसाद को दिया गया है।
श्रीजेश और सविता पूनिया भारतीय टीम की दिवार
साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार श्रीजेश को दिया गया है। श्रीजेश के अलावा इस रेस में बेल्जियम के विन्सेंट वनास्च और ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू चार्टर भी थे। वनास्च को दूसरा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। जबकि चार्टर तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं में सविता, के मैडी हिंच और अर्जेंटीना की बेलेन सुसी से आगे रहीं। बेलेन सुसी दूसरे और मैडी हिंच तीसरे स्थान पर रहीं।

शर्मिला देवी और विवेक प्रसाद टीम के उभरते खिलाड़ी
भारत की शर्मिला देवी को इस साल की उभरती हुई सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का अवार्ड दिया। वेलेंटीना रापोसो दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं पुरुषों में विवेक प्रसाद को उभरते खिलाड़ी के अवॉर्ड से नवाजा गया है।
शोर्ड मारिन और रीड साल के सर्वश्रेष्ठ कोच
साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच के लिए भारतीय कोच रीड ने बाजी मारी है। शेन मैकलियोड दूसरे (बेल्जियम) और कॉलिन बैच (ऑस्ट्रेलिया) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ कोच का अवॉर्ड भी भारतीय महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन को घोषित किया गया। एलिसन अन्नान (नीदरलैंड) दूसरे और मार्क हैगर (ग्रेट ब्रिटेन) तीसरे स्थान पर रहे।